दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संस्कार कॉलोनी में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से ई-रिक्शा में बैठी महिला का हाथ कटकर अलग हो गया। महिला, नीतू पटेल (32), जो पनागर की रहने वाली हैं, नर्मदा दर्शन कर घर लौट रही थीं। जब वह दमोह नाका से दूसरे ई-रिक्शा में बैठकर पनागर की ओर जा रही थीं, तभी संस्कार सिटी के पास सामने से आ रहे ट्रक का धारदार हिस्सा उनके सीधे हाथ से टकराया, जिससे उनका हाथ कटकर 300 मीटर दूर जा गिरा।
महिला को तुरंत गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि हाथ कटने के एक घंटे से अधिक समय बीत जाने के कारण अब उसे जोड़ा नहीं जा सकता। महिला का अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।