News Update: अंबाजी में सड़क हादसे में 3 की मौत, 54 जख्मी

दैनिक सांध्य बन्धु अंबाजी गुजरात के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल अंबाजी में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई और 54 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इस हादसे में 5-6 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसा बनासकांठा जिले के त्रिशूलिया घाट पर हुआ, जब बस अनियंत्रित होकर घाटी की रेलिंग से टकराकर पलट गई। बस में लगभग 60 यात्री सवार थे। घायलों को पालनपुर और अंबाजी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एक यात्री ने बताया कि ड्राइवर मोबाइल से रील बना रहा था, जिसे यात्रियों ने टोकने की कोशिश की, लेकिन वह सुनने के लिए तैयार नहीं हुआ। इसी दौरान बस हनुमान मंदिर के पास रेलिंग से टकराकर पलट गई। घटना के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया।

कुछ यात्रियों ने दावा किया कि ड्राइवर नशे में था, जिसके चलते वह हादसे के बाद भाग निकला। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

बस में सवार सभी लोग अंबाजी मंदिर के दर्शन कर दांता शहर लौट रहे थे। हादसे का शिकार ज्यादातर श्रद्धालु खेड़ा जिले के कठलाल गांव के निवासी थे। हादसे के बाद आसपास के लोग घायलों की मदद के लिए पहुंचे और निजी वाहनों से उन्हें अंबाजी के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

महिसा गांव के राजेशभाई रोहित ने बताया कि हर साल नवरात्रि के दौरान आसपास के लोग अंबाजी मंदिर के कार्यक्रम में शामिल होने जाते हैं। इस बार भी रविवार की शाम को उनके गांव से कई लोग अंबाजी मंदिर गए थे और सोमवार सुबह लौटते समय हादसे का शिकार हो गए।

गुजरात में यह हादसा अकेला नहीं है। हाल ही में अन्य स्थानों पर भी सड़क हादसे हुए हैं, जिनमें उत्तर प्रदेश में एक बस और ट्रक की टक्कर में 5 महिलाओं की मौत हो गई और शाहजहांपुर में एक प्राइवेट बस और कंटेनर की टक्कर में कई यात्री घायल हुए।

Post a Comment

Previous Post Next Post