दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। 506 बेस वर्कशॉप में बोफोर्स तोप का 2 टन वजनी क्रेडिल गिरने से एक कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना शनिवार सुबह 11 बजे घटी। घायल कर्मचारी ऐश्वर्य कुमार सिन्हा (46) को तुरंत शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोपहर 3.30 बजे उनकी मृत्यु हो गई।
घटना के वक्त ऐश्वर्य कुमार अपने साथी रमेश स्वामी के साथ बोफोर्स तोप के नीचे काम कर रहे थे। रमेश के अनुसार, "हम क्रेडिल पार्ट खोल रहे थे, तभी वह अचानक नीचे गिर गया और ऐश्वर्य उसकी चपेट में आ गए।" बताया जा रहा है कि इस काम के लिए क्रेन का उपयोग किया जाता है, लेकिन क्रेन किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट कर दी गई थी। साथियों का मानना है कि वर्क प्रेशर के कारण यह हादसा हुआ।
इस दुखद घटना के बाद ऐश्वर्य के साथी कर्मचारी अस्पताल में जमा हो गए। प्रतिरक्षा मजदूर संघ और अन्य कर्मचारियों ने वर्क लोड को इस हादसे की मुख्य वजह बताया। कर्मचारी अतुल कुमार साहू ने कहा कि वर्कशॉप में कर्मचारियों पर अत्यधिक काम का दबाव है और कम कर्मचारियों के साथ ज्यादा काम कराया जा रहा है।यह पहली बार नहीं है जब 506 वर्कशॉप में ऐसा हादसा हुआ है। 2020 में भी एआरजी सेक्शन में एक बड़ा हादसा हुआ था, जिसमें एक कर्मचारी की जान चली गई थी।
ऐश्वर्य कुमार शहर के लाल माटी इलाके के निवासी थे। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं - एक 12 साल का बेटा और 7 साल की बेटी। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।