दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। मध्य प्रदेश में बुधनी और विजयपुर विधानसभा सीटों पर जल्द ही उपचुनाव होने की संभावना है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) ने इन उपचुनावों के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं और रणनीति बनाने के लिए कमेटियों का गठन किया है। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी भंवर जितेन्द्र सिंह ने इन कमेटियों का ऐलान किया।
विजयपुर: अशोक सिंह को मिली जिम्मेदारी
श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा के लिए AICC ने राज्यसभा सांसद अशोक सिंह को संयोजक बनाया है। कमेटी में पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह, पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव और पूर्व विधायक नीटू सिकरवार को सदस्य नियुक्त किया गया है। विजयपुर विधानसभा कांग्रेस की एक मजबूत सीट रही है, जहां से छह बार के कांग्रेस विधायक रामनिवास रावत ने इस्तीफा देकर बीजेपी का दामन थाम लिया था। आगामी उपचुनाव में उनके बीजेपी उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने की संभावना है।
बुधनी: अरुण यादव को सौंपी गई कमान
सीहोर जिले की बुधनी विधानसभा सीट, जो पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के इस्तीफे के बाद खाली हुई, के उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और मंत्री अरुण यादव को संयोजक नियुक्त किया है। उनके साथ पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा और पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल को कमेटी में सदस्य बनाया गया है। बुधनी में कांग्रेस को एक प्रभावी और दमदार उम्मीदवार की तलाश है, क्योंकि यह क्षेत्र शिवराज सिंह चौहान का गढ़ माना जाता है।