दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। मध्य प्रदेश की कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इनमें प्रमुख रूप से एक लाख सरकारी पदों को भरने का फैसला, जिलों और संभागों का पुनर्गठन, और सोयाबीन की खरीदी की शुरुआत शामिल है।
एक लाख सरकारी नौकरियां
कैबिनेट ने एक लाख खाली सरकारी पदों को जल्द भरने की योजना को मंजूरी दी। सभी भर्तियां लोक सेवा और कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से की जाएंगी। रोजगार सृजन के लिए 11 विभागों द्वारा संयुक्त प्रयास किए जा रहे हैं।
जिलों और संभागों का पुनर्गठन
राज्य में प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। संभाग, जिले, तहसील, और विकास खंडों का पुनर्गठन किया जाएगा। इसके लिए पुनर्गठन आयोग आमजन और जनप्रतिनिधियों के सुझाव प्राप्त करेगा।
सोयाबीन की खरीदी
25 अक्टूबर से प्रदेश में सोयाबीन की खरीदी शुरू होगी। 3.44 लाख से अधिक किसानों ने इसके लिए पंजीयन कराया है। सरकार 4892 रुपए प्रति क्विंटल की एमएसपी पर सोयाबीन खरीदेगी।
दीपावली पर कर्मचारियों को समय से वेतन
दीपावली के मद्देनजर, सभी सरकारी कर्मचारियों को 28 अक्टूबर तक वेतन मिल जाएगा।