Jabalpur News: भाजपा पार्षद पर महिला सफाई कर्मचारी से मारपीट का आरोप, कांग्रेस नगर अध्यक्ष ने दिया पुलिस को अल्टीमेटम

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। वीरेंद्र पुरी वार्ड के भाजपा पार्षद राहुल साहू पर 55 वर्षीय महिला सफाई कर्मचारी शर्मिला वंशकार के साथ गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगा है। इस घटना के बाद कांग्रेस नेताओं और सफाई कर्मचारियों ने गढ़ा थाने में पहुंचकर हंगामा किया। कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने पुलिस को अल्टीमेटम दिया कि अगर शाम तक पार्षद के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई, तो जबलपुर के सभी जोन में सफाई कर्मचारियों के साथ मिलकर घेराव किया जाएगा और सफाई व्यवस्था ठप्प कर दी जाएगी।

महिला सफाई कर्मचारी का आरोप है कि पार्षद ने उसे डांटते हुए नौकरी से निकालने की धमकी दी। वहीं, पार्षद राहुल साहू ने सभी आरोपों को नकारते हुए कहा कि सफाई कर्मचारियों की संख्या कम होने और काम अधूरा रहने पर उन्हें डांटा गया था, जिसके चलते यह झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं।

कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने पार्षद पर भ्रष्टाचार और विवादित गतिविधियों में लिप्त होने का भी आरोप लगाया है, साथ ही उनके दलालों द्वारा लोगों को परेशान करने की बात कही है। कांग्रेस ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post