दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री यादव ने दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए गरीब और छोटे पथ विक्रेताओं के लिए बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि धनतेरस (29 अक्टूबर) से देवउठनी एकादशी (11 नवम्बर) तक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे विक्रेताओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जाएं। इसमें विशेष रूप से रेहड़ी-पटरी पर अस्थाई रूप से सामान बेचने वाले और ग्रामीण क्षेत्रों से शहर में स्थानीय उत्पादों की बिक्री करने आने वाले विक्रेताओं को बाजार एवं तह बाजार में किसी भी कर या शुल्क से मुक्त रखा जाएगा।
दीपावली के दौरान प्रदेशभर में निर्बाध विद्युत आपूर्ति की जाएगी ताकि पर्व के दौरान सभी घरों में रौशनी की कमी न हो। मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि आम जनता को दीपावली पर्व पर किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े और उनकी हर जरूरत का ध्यान रखा जाए।
मुख्यमंत्री यादव ने सभी वर्गों के लिए दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह प्रेम, आनंद और प्रकाश का पर्व समाज के हर वर्ग के जीवन में खुशियां लाए। सभी अपने परिवारों के साथ दीपावली का यह पर्व आनंद से मनाएं।
दीपावली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए धनतेरस (29 अक्टूबर) से देवउठनी एकादशी (11 नवम्बर) तक सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष व्यवस्था करने हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि रेहड़ी पटरी पर अस्थाई रूप से विक्रय करने वाले छोटे व्यापारी, ग्रामीण क्षेत्र से स्थानीय…
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) October 28, 2024