MP News: कपड़ा शॉप की मालकिन लापता, परिजनों का आरोप- बकायादारों ने गायब कराया, पैसों के लिए धमका रहे थे

दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। एक कपड़ा शॉप की मालकिन सायरा बेगम (33) शनिवार शाम से लापता हैं। सायरा बच्चों के रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाती थीं और साथ ही आसपास के लोगों से पैसे इकट्ठा कर पत्ती (एक प्रकार का चिट फंड) भी चलाती थीं। उनके परिवार ने आरोप लगाया है कि पैसों के लेन-देन को लेकर बकायादारों द्वारा उन्हें परेशान किया जा रहा था, और उन्होंने ही सायरा को गायब कराया है।

घटना की सूचना मिलते ही बहोड़ापुर थाना पुलिस ने महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सायरा की दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

परिवार के मुताबिक, सायरा शनिवार शाम को करीब 5 बजे अपने तीन बच्चों के साथ दुकान पर बैठी थीं, तभी वे अचानक लापता हो गईं। बहोड़ापुर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर का कहना है कि परिजनों द्वारा शक के दायरे में कुछ लोगों का नाम लिया गया है और उन संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सायरा बेगम का कोई सुराग मिलने की कोशिश कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post