MP News: गरबा पंडाल में युवक ने युवती को गोद में उठाया, अश्लील हरकत के वीडियो पर हिंदू जागरण मंच का हंगामा

दैनिक सांध्य बन्धु उज्जैन। एक गरबा पंडाल में एक युवक द्वारा युवती को गोद में उठाकर की गई अश्लील हरकत का वीडियो सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। यह घटना मित्तल होटल में हुई, जहाँ 5 और 6 अक्टूबर को गरबे का आयोजन हुआ था। इस आयोजन में एंट्री के लिए 399 रुपये प्रति कपल शुल्क लिया जा रहा था। रविवार रात को इस आयोजन के दौरान हुए हंगामे की सूचना मिलने पर हिंदू जागरण मंच के नेताओं ने स्थल पर पहुँचकर आपत्ति जताई।

हिंदू जागरण मंच के प्रांत कार्यकारिणी सदस्य अर्जुन सिंह भदौरिया, संयोजिका नीलू चौहान और सह संयोजक रितेश माहेश्वरी ने इस घटना पर कड़ी आपत्ति व्यक्त की। अर्जुन सिंह भदौरिया ने कहा कि युवक द्वारा युवती को गोद में लेकर सार्वजनिक रूप से की गई अश्लील हरकत उज्जैन की संस्कृति और छवि को ठेस पहुँचाती है। उन्होंने आयोजकों से ऐसे घटनाओं पर ध्यान देने की मांग की और बताया कि उन्होंने पहले भी प्रशासन को इस प्रकार की हरकतों के प्रति चेतावनी दी थी।

यह गरबे में अश्लीलता का दूसरा मामला है। इससे पहले श्री माधव क्लब में आयोजित गरबे का वीडियो सामने आया था, जिसमें एक महिला 'अभी तो पार्टी शुरू हुई है...' गाने पर डांस कर रही थी। हिंदू जागरण मंच ने इस डांस को अश्लील और फूहड़ करार देते हुए आपत्ति जताई थी, जिसके बाद क्लब के मैनेजर महेश प्रसाद तिवारी को माफी मांगनी पड़ी थी।

हिंदू जागरण मंच ने इस प्रकार की घटनाओं को उज्जैन की सांस्कृतिक छवि के लिए बड़ा खतरा बताया है और आयोजकों से भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों में सख्त निगरानी की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post