दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दिल्ली में हैं, जहां वे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ नक्सल समस्या उन्मूलन पर एक महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लेंगे। रविवार रात को सीएम यादव डीजीपी सुधीर सक्सेना और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव संजय शुक्ला के साथ दिल्ली पहुंचे थे। इस बैठक में छह राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।
इस बैठक में मध्य प्रदेश के साथ-साथ आंध्र प्रदेश, बिहार, झारखंड, तेलंगाना, ओडिशा और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। हाल ही में रायपुर में हुई एक बैठक के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा था कि मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त करने का लक्ष्य है।
नक्सलवाद के खिलाफ केंद्र सरकार एक बड़ा एक्शन प्लान तैयार कर रही है। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद पर फंडिंग रोकने की तर्ज पर नक्सलियों को भी आर्थिक और हथियार समर्थन से वंचित करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 2010 की तुलना में 2023 में नक्सल हिंसा में 72% और हत्याओं में 86% तक की कमी आई है। इस साल अब तक 202 नक्सली मारे गए हैं और 723 ने आत्मसमर्पण किया है। वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित जिलों की संख्या घटकर 38 रह गई है।
