Jabalpur News: भोपाल के फरमान पर भाजपा के मुस्लिम नेता का निष्कासन

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। भाजपा जबलपुर के महानगर अध्यक्ष प्रभात साहू ने पार्टी के पूर्व मंडल अध्यक्ष और मुस्लिम नेता मगन सिद्दीकी को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। यह कार्रवाई भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वी.डी. शर्मा के निर्देश पर की गई है। सिद्दीकी ने हाल ही में रांझी स्थित विवादित मडई मस्जिद के पक्ष में मुस्लिम समुदाय के साथ एसपी को ज्ञापन सौंपा था, जिसके अगले ही दिन उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया गया।

भाजपा सूत्रों के अनुसार, मगन सिद्दीकी के खिलाफ यह कदम अनुशासनहीनता और पार्टी लाइन से अलग धार्मिक मामलों में सक्रियता के कारण उठाया गया है। उनके निष्कासन के पीछे विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के खिलाफ दिए गए बयानों को भी कारण माना जा रहा है। पार्टी अपनी सनातनी छवि बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया है।

निष्कासन पर प्रतिक्रिया देते हुए सिद्दीकी ने भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रभात साहू पर व्यक्तिगत दुर्भावना का आरोप लगाया और कहा कि उन्हें बिना किसी नोटिस या कारण के निष्कासित किया गया है। दूसरी ओर, प्रभात साहू ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह निर्णय प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार लिया गया है, और सिद्दीकी के खिलाफ पूर्व में भी पार्टी विरोधी गतिविधियों की कई शिकायतें प्राप्त हो चुकी थीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post