दैनिक सांध्य बन्धु इंदौर। इंदौर में एक महिला कॉन्स्टेबल के साथ उसके ही साथी पुलिसकर्मी ने छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया। आरोपी पुलिसकर्मी सुखदेव, जो पुलिस के रेडियो विभाग में हेड कॉन्स्टेबल है, ने पहले पीड़िता और उसके माता-पिता को बस स्टैंड तक छोड़ने का भरोसा दिलाया, लेकिन बाद में सुनसान इलाकों में ले जाकर पीड़िता के साथ अभद्रता की।
पीड़ित महिला कॉन्स्टेबल के मुताबिक, यह घटना 21 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे की है। सुखदेव ने पीड़िता के माता-पिता को बस स्टैंड तक छोड़ने का प्रस्ताव दिया और उन्हें बस में बैठाने के बाद, पीड़िता को घर पहुंचाने का वादा किया। हालांकि, सुखदेव कार को सुनसान जगहों और गलियों में घुमाने लगा। उसने बहाने से कार को चिड़ियाघर और भंवरकुआ की ओर मोड़ दिया। यहां उसने कार में रोमांटिक गाने बजाकर पीड़िता से छेड़छाड़ करने का प्रयास किया।
पीड़िता ने बताया कि सुखदेव ने उसे सुनसान इलाके में ले जाकर कार रोक दी और बंद शीशों के भीतर अनुचित तरीके से छूने का प्रयास किया। उसकी चिल्लाहट के बाद आरोपी उसे घर छोड़कर भाग गया।
भंवरकुआ थाने के प्रभारी राजकुमार यादव ने जानकारी दी कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी सुखदेव के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे, और फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है।