दैनिक सांध्य बन्धु चंडीगढ़। हरियाणा में विधानसभा की 90 सीटों पर आज मतदान जारी है, जिसमें अब तक 49.13% वोट डाले जा चुके हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, यमुनानगर में सबसे ज्यादा 56.79% और गुरुग्राम में सबसे कम 38.61% मतदान हुआ। हालांकि, इस बीच कई स्थानों पर हिंसा और झड़पों की घटनाएं सामने आई हैं।
पलवल में EVM खराब, नूंह में पथराव
पलवल में एक EVM में तकनीकी खराबी के चलते उसे बदलना पड़ा। वहीं, नूंह में कांग्रेस और BSP समर्थकों के बीच पथराव हो गया, जिसमें दो लोग घायल हो गए। हालात को नियंत्रित करने के लिए इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
हिसार में कांग्रेस और BJP समर्थकों में झड़प
हिसार के नारनौंद में कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच बोगस वोटिंग के आरोपों को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। इसी तरह पंचकूला में BJP और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच 'जय श्रीराम' के नारे को लेकर झगड़ा हुआ।
अन्य स्थानों पर भी हंगामे
फतेहाबाद, सोनीपत और रोहतक में भी विभिन्न घटनाओं के चलते तनावपूर्ण स्थिति रही। फतेहाबाद में इनेलो बसपा उम्मीदवार की प्रिजाइडिंग अधिकारी से बहस हो गई, जबकि सोनीपत में कांग्रेस उम्मीदवार जगबीर मलिक की पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक हुई। रोहतक में HJP उम्मीदवार बलराज कुंडू ने कांग्रेस उम्मीदवार बलराम दांगी के पिता पर हमला करने का आरोप लगाया।
मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा और परिणाम 8 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।