Jabalpur News: प्रेमिका के साथ मिलकर पति ने पत्नी को पीटा, मामला दर्ज

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शास्त्री नगर में एक महिला ने अपने पति और उसकी प्रेमिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि उसने अपने पति को प्रेमिका के साथ रंगे हाथों पकड़ा, जिसके बाद पति और उसकी प्रेमिका ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी।

घटना तिलवारा थाने के अंतर्गत आने वाले शास्त्री नगर की है, जहां अनीता नाम की महिला ने अपने पति कृष्ण कुमार पटेल पर अवैध संबंधों का आरोप लगाया है। अनीता ने बताया कि पहले भी उसने अपने पति को प्रेमिका के साथ पकड़ा था, लेकिन पारिवारिक दबाव में मामला शांत हो गया था।

गुरुवार को कृष्ण कुमार अपने जॉब के लिए निकला था, लेकिन अनीता को शक था कि वह अपनी प्रेमिका से मिलने जा रहा है। संदेह होने पर अनीता ने अपने पति का पीछा किया और तिलवारा के पास उसकी प्रेमिका के घर पहुँच गई। वहां उसने देखा कि उसका पति और उसकी प्रेमिका साथ थे। जब अनीता ने आवाज लगाई, तो पति बाहर आया और उसके बाद उसकी प्रेमिका भी।

अनीता के अनुसार, बीच सड़क पर पति और उसकी प्रेमिका ने मिलकर उसकी पिटाई की। इसके बाद, उन्होंने उसका मंगलसूत्र और सोने की चेन भी छीन ली। घटना के बाद पति ने अनीता को घर से निकाल दिया।

घटना के बाद, अनीता ने तिलवारा थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने कृष्ण कुमार और उसकी प्रेमिका के खिलाफ मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। एएसपी का कहना है कि मौके पर पुलिस की टीम भेजी गई थी, लेकिन दोनों फरार थे और उनके घर पर ताला लगा हुआ था। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post