दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शारदेय नवरात्रि के अवसर पर रांझी में 6.40 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन अनुविभागीय राजस्व व तहसील भवन का लोकार्पण किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद आशीष दुबे और अध्यक्षता विधायक अशोक रोहाणी ने की। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीक, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, और कई अन्य गणमान्य नागरिक व जन समुदाय बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
कार्यक्रम की शुरुआत कन्या पूजन से की गई और इसके बाद अतिथियों ने फीता काटकर भवन का लोकार्पण किया। सांसद दुबे ने इसे एक ऐतिहासिक दिन बताया और इसे दादा ईश्वर दास रोहाणी के सपनों की पूर्ति के रूप में वर्णित किया। उन्होंने अंत्योदय के सिद्धांत के तहत इस भवन के माध्यम से जनता को बड़ी सौगात मिलने की बात कही। साथ ही, उन्होंने विधायक अशोक रोहाणी को उनके जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं।
राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीक ने अपने संबोधन में दादा ईश्वर दास रोहाणी के पीड़ित मानवता के लिए किए गए कार्यों की प्रशंसा की और उनके सपनों को साकार करने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने भी विधायक रोहाणी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
विधायक अशोक रोहाणी ने इस दिन को रांझी के लिए ऐतिहासिक बताया और शांति नगर, शारदा नगर, और उदय नगर के निवासियों को आवासीय पट्टे के संदर्भ में भी चर्चा की। कलेक्टर दीपक सक्सेना ने कहा कि शासन की मंशा है कि लोगों की समस्याओं को घर-घर जाकर सुलझाया जाए, और जिला पुनर्गठन आयोग जल्द ही काम शुरू करेगा।
कार्यक्रम में रांझी एसडीएम मरावी, तहसीलदार राजीव मिश्रा और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।