दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। तिलवारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत निर्माणाधीन होटल वेलकम में भीषण ब्लास्ट एक महिला की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। मृतका की पहचान जागृति के रूप में की गई है। घायलों में एक इंजीनियर समेत अन्य कई लोग शामिल हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को तुरंत मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायलों की सूची इस प्रकार है:
1. भूपेंद्र कुमार
2. अनिल कुमार (इंजीनियर)
3. अभिषेक सिंह
4. सोनम बावरिया
5. भूम सिंह
6. पुनीत सक्सेना
7. 1 अन्य
होटल वेलकम अभी निर्माणाधीन था और जल्द ही इसका उद्घाटन होने वाला था। होटल में किचन के लिए गैस पाइपलाइन की टेस्टिंग हो रही थी। प्रथम माले पर टेस्टिंग सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी थी, लेकिन दूसरे माले की टेस्टिंग के दौरान यह दुर्घटना घटित हो गई। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह लापरवाही मानी जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंचे। नगर पुलिस अधीक्षक और एसडीएम ने घटनास्थल का दौरा किया। पुलिस और BDS टीम के विशेषज्ञ दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने में जुटे हैं। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को इस हादसे की मुख्य वजह बताया जा रहा है।