दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। खमरिया फैक्ट्री में 22 अक्टूबर को हुए बम धमाके के मामले में एक नया और गंभीर खुलासा हुआ है। सुरक्षा एजेंसियों के सामने यह जानकारी आई है कि धमाके के कुछ ही देर बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो साझा किया गया, जिसमें "पाकिस्तान जिंदाबाद" लिखा हुआ था। यह वीडियो "जिंदाबाद" नाम के एक अकाउंट से पोस्ट किया गया था, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
सुरक्षा एजेंसियों ने इस घटना को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जांच के दायरे में लाने का निर्णय लिया है। सोशल मीडिया पर की गई इस टिप्पणी के कारण सभी सुरक्षा इकाइयाँ चौकस हो गई हैं और यह पता लगाने में जुट गई हैं कि यह अकाउंट किस संगठन द्वारा चलाया जा रहा है और इस वीडियो को प्रसारित करने का उद्देश्य क्या है।
22 अक्टूबर को खमरिया फैक्ट्री में हुए धमाके में दो कर्मचारी शहीद हो गए थे और 16 अन्य घायल हुए थे। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, यह घटना रशियन बम से बारुद निकालने के दौरान हुई। धमाके के बाद वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने मौके पर बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वाड के साथ दौरा किया था।
इस वीडियो में खमरिया फैक्ट्री के बाहर का दृश्य साझा किया गया है, जिसमें अंग्रेजी में सांकेतिक भाषा में कुछ पंक्तियाँ लिखी गई हैं। लेखक ने खमरिया फैक्ट्री का भ्रमण करने पर खुशी व्यक्त की है, जिससे यह संदेह पैदा होता है कि क्या इसमें कोई गुप्त संदेश छिपा हुआ है।
जबलपुर के नवागत पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बताया कि इस पूरे प्रकरण की जानकारी पुलिस के समक्ष आ चुकी है और साइबर सेल को सक्रिय किया गया है। उनका लक्ष्य यह पता लगाना है कि यह वीडियो किस अकाउंट से और किस उद्देश्य से जारी किया गया।
यह मामला इस लिए भी गंभीर है क्योंकि जबलपुर सुरक्षा के लिहाज से एक संवेदनशील क्षेत्र है। यदि कोई पाकिस्तान समर्थक आसानी से खमरिया फैक्ट्री के बाहर का वीडियो बनाकर सांकेतिक संदेश साझा कर सकता है, तो यह देश की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बन जाता है।
जबलपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक जानकारी या वीडियो प्रस्तुत किया जाता है, तो इसकी जांच की जाएगी। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले की जांच से संबंधित सभी विवरण और तफ्तीश के परिणामों का इंतजार किया जा रहा है।