दैनिक सांध्य बन्धु खंडवा। संत सिंगाजी ताप परियोजना की आवासीय कॉलोनी शिवरिया टाउनशिप में दीवाली की रात चोरों ने धावा बोलते हुए आठ कर्मचारियों के सूने मकानों में लाखों की ज्वेलरी और नकदी चुरा ली। यह वारदात शुक्रवार तड़के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। फुटेज में करीब सुबह 4 बजे पांच नकाबपोश बदमाश दिखाई दिए, जो चोरी को अंजाम देते नजर आए।
घटना के बाद कर्मचारियों ने ऑफिसर क्लब में एकत्र होकर विरोध दर्ज कराया। मूंदी पुलिस ने बताया कि बदमाशों ने ई ब्लॉक में रहने वाले सुरेश डेहसिया, कैलाश यादव, मनीष पारे, युवराज जाधव, विक्रम रघुवंशी, शुभम शर्मा, हेमंत सोनी, और ओम प्रकाश पंवार के मकानों को निशाना बनाया। पुलिस ने 50,000 रुपये की चोरी का मामला दर्ज किया है और आरोपियों की तलाश जारी है।
ई ब्लॉक में रहने वाले एक कर्मचारी ने सुबह 5 बजे चोरों की गतिविधियों को भांप लिया और अपने साथियों को आवाज लगाई, लेकिन चोर तब तक भाग चुके थे। पीड़ित कर्मचारियों ने प्रभारी मुख्य अभियंता से मांग की कि चोरों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। उनका कहना है कि अगर जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे रात में ड्यूटी पर नहीं जा पाएंगे।