Jabalpur News: उड़िया मोहल्ले में अधेड़ की पत्थर से कुचल कर हत्या, जन्मदिन मनाने के बाद मिली खून से सनी लाश

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर के ओमती थाना क्षेत्र के उड़िया मोहल्ले में शुक्रवार सुबह एक 55 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति की खून से सनी लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान संपत यादव के रूप में हुई, जो पेशे से मजदूर था और किराए के कमरे में अकेला रहता था।

गुरुवार रात कुछ अज्ञात युवक संपत यादव के कमरे पर पहुंचे थे। उन्होंने वहां जन्मदिन का केक काटा और जश्न मनाया। सुबह जब मोहल्ले के लोग काम पर जा रहे थे, तो उन्होंने एक बड़ी बिल्डिंग के सामने संपत यादव की खून से लथपथ लाश देखी।

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि मृतक के सिर से खून बह रहा था और पास में ही एक बड़ा पत्थर पड़ा हुआ था। पुलिस का मानना है कि पत्थर से सिर पर वार कर हत्या की गई।

घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी, एफएसएल टीम और ओमती व बेलबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।

पुलिस का कहना है कि मृतक के परिवार के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। हत्या के कारणों का भी अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्यारों को पकड़ लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post