दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर के नर्मदा रोड निवासी कारोबारी आदित्य अग्रवाल ने पुलिस अधीक्षक जबलपुर से शिकायत की थी कि उनकी कंपनी सन टफ प्राइवेट लिमिटेड के लिए मैनेजर पद के इंटरव्यू के दौरान दयाराम भार्गव नामक व्यक्ति ने एक फर्जी व्यापारी गौतम डे से संपर्क कराया। गौतम डे ने अपनी कंपनी जी.के. इंटरनेशनल के नाम पर ग्लास वॉशिंग मशीन का 30 लाख से अधिक का अनुबंध किया।
आरोपी गौतम डे ने कारोबारी से 19.44 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से प्राप्त कर लिए, लेकिन मशीन की आपूर्ति नहीं की और न ही राशि वापस लौटाई।
शिकायत पर पुलिस ने 21 नवंबर 2024 को धारा 420 और 409 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम गठित की गई। गठित टीम ने बेलघोरिया, चौबीस परगना में आरोपी गौतम डे (59 वर्ष) को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर जबलपुर लाया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
