दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर के तिलवारा थाना क्षेत्र में हिंदुस्तान पेट्रोल पंप पर गुंडागर्दी का मामला सामने आया। सोमवार शाम एंबुलेंस में सवार चार बदमाशों ने पेट्रोल पंप कर्मचारी से मुफ्त में टैंक फुल करवाने के बाद पैसे मांगने पर गाली-गलौज की। एक बदमाश ने कर्मचारी के गले पर चाकू अड़ा दिया और धमकी दी, "दोबारा पैसे मांगे तो जान से मार देंगे।"
घटना के दौरान अन्य कर्मचारी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने दो बदमाशों को पकड़ लिया और उनकी जमकर धुनाई की। हालांकि, एंबुलेंस में सवार दो बदमाश भागने में सफल रहे।
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों मनीष पटेल उर्फ पिल्ले और दीपक उर्फ दीपू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बद्दू पटेल नामक बदमाश के लिए काम करते हैं।
सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों के खिलाफ धमकी देने, हथियार दिखाकर लूटपाट करने, और गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दो गिरफ्तार कर लिया है और दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है। एसपी के निर्देश पर इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
