Bhopal News: रिवर्स कार देख अनियंत्रित हुई बाइक, युवक की मौत

दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। सेमरा कला इलाके में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय युवक शेखर लोधी की मौत हो गई। शेखर की बाइक एक रिवर्स होती कार को देखकर अनियंत्रित हो गई और स्लिप होकर कार से टकरा गई। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि कार नंबर एमपी 09 सीए 2588 अचानक गली से रिवर्स होकर निकली। बाइक चालक शेखर ने ब्रेक लगाकर अपनी गाड़ी रोकने की कोशिश की, लेकिन बाइक स्लिप होकर कार से टकरा गई। पुलिस ने कार चालक सरोज सिंह के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया है।

शेखर लोधी, जो बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र था, मंडीदीप की एक फैक्ट्री में काम करता था। वह अपने परिवार का बड़ा बेटा था। पिता ऑटो चालक हैं और छोटा भाई शिवम प्राइवेट स्कूल में पढ़ाई कर रहा है। हादसे के समय शेखर रोज़ की तरह नौकरी पर जा रहा था।

कार चालक सरोज सिंह ने बताया कि हादसे के बाद उन्होंने 108 एम्बुलेंस की मदद से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया हादसा बाइक चालक की गलती से हुआ। अभी मुझे थाने से जमानत पर रिहा कर दिया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post