Delhi Election 2025: कांग्रेस अजय माकन पर कार्रवाई करें, वरना I.N.D.I.A गठबंधन से बाहर करने की मांग करेंगे : मुख्यमंत्री आतिशी

दैनिक सांध्य बन्धु नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गुरुवार को कांग्रेस नेता अजय माकन के बयानों को लेकर कांग्रेस और भाजपा पर निशाना साधा। आतिशी ने कांग्रेस पर 24 घंटे के भीतर अजय माकन के खिलाफ कार्रवाई करने का दबाव बनाया। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो आम आदमी पार्टी (AAP) I.N.D.I.A गठबंधन से कांग्रेस को अलग करने की मांग करेगी।

आतिशी और संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अजय माकन भाजपा की स्क्रिप्ट पढ़ रहे हैं और AAP को टारगेट कर रहे हैं। संजय सिंह ने कहा, “दिल्ली में कांग्रेस भाजपा का समर्थन कर रही है और ऐसा हर काम कर रही है जिससे भाजपा को चुनावी फायदा हो।”

कांग्रेस नेता अजय माकन ने 25 दिसंबर को अरविंद केजरीवाल को “देश का सबसे बड़ा धोखेबाज” और “फर्जीवाल” बताया। माकन ने कहा कि कांग्रेस को AAP के साथ गठबंधन करना एक भूल थी। उन्होंने केजरीवाल पर समान नागरिक संहिता, अनुच्छेद 370, और नागरिकता कानून पर भाजपा का समर्थन करने का आरोप लगाया।

आतिशी ने कहा, “अजय माकन भाजपा के नेताओं पर ऐसे आरोप क्यों नहीं लगाते? कांग्रेस तुरंत माकन पर कार्रवाई करे। अगर ऐसा नहीं हुआ, तो हम विपक्षी दलों से बात करके I.N.D.I.A गठबंधन से कांग्रेस को बाहर करने की मांग करेंगे।”

युवा कांग्रेस ने दिल्ली में AAP की मुफ्त इलाज और महिलाओं को ₹2100 देने की योजनाओं पर सवाल उठाते हुए अरविंद केजरीवाल के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अक्षय लाकरा ने कहा कि जब सरकारी विभाग इन योजनाओं से इनकार कर रहे हैं, तो AAP ऐसे दावे कैसे कर सकती है।

दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले AAP और कांग्रेस के बीच तल्ख बयानबाजी ने I.N.D.I.A गठबंधन में तनाव पैदा कर दिया है। अब यह देखना होगा कि कांग्रेस माकन पर कार्रवाई करती है या नहीं, और इसका गठबंधन पर क्या असर पड़ता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post