दैनिक सांध्य बन्धु अमृतसर: पंजाब के अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर परिसर में शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) के अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर फायरिंग की घटना हुई। श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा दी गई धार्मिक सजा के तहत सेवा कार्य कर रहे सुखबीर सिंह पर एक शख्स ने गोली चलाने की कोशिश की। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता के चलते वे बाल-बाल बच गए।
हमलावर की पहचान नारायण सिंह चौड़ा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, नारायण सिंह ने मंदिर परिसर में गुरुघर में मत्था टेकने के बाद सुखबीर सिंह बादल पर फायरिंग की कोशिश की। सुरक्षाकर्मियों ने हमलावर को तुरंत काबू में कर लिया। घटना के समय सुखबीर सिंह बादल गोल्डन टेंपल के बाहर सेवा कर रहे थे। फायरिंग के बाद स्वर्ण मंदिर परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने इलाके को घेर लिया है और घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।
घटना के बाद सुखबीर सिंह बादल ने कहा, "गुरु साहिब की कृपा से मैं सुरक्षित हूं। यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है और इसे गंभीरता से लेना चाहिए।" शिरोमणि अकाली दल ने इसे राज्य की कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल बताया है।
सजा भुगतने पहुंचे थे सुखबीर बादल
सुखबीर सिंह बादल श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा सुनाई गई धार्मिक सजा के तहत सेवा कार्य करने स्वर्ण मंदिर पहुंचे थे। सजा के हिस्से के रूप में उन्होंने घंटाघर के बाहर पहरेदारी की, जूठे बर्तन साफ किए और कीर्तन में हिस्सा लिया। पैर में फ्रैक्चर होने के कारण उन्हें टॉयलेट साफ करने की सजा से छूट दी गई थी।
उनके साथ पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया, सुखदेव सिंह ढींढसा और अन्य ने भी सेवा कार्य में हिस्सा लिया।
स्वर्ण मंदिर जैसे संवेदनशील स्थल पर फायरिंग की इस घटना ने सुरक्षा प्रबंधों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने मामले की तह तक जाने और सुरक्षा कड़ी करने का आश्वासन दिया है।
पंजाब: अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में गोलियां चलाई गईं, जहां पार्टी प्रमुख सुखबीर सिंह बादल समेत शिरोमणि अकाली दल के नेता 'सेवा' कर रहे थे। पुलिस ने हमलावर की पहचान नारायण सिंह चौरा के रूप में की है।
— आलोक तिवारी (@AlokTiwari9335) December 4, 2024
पीटीसी न्यूज़ #sukhbirbadal #SukhbirSinghBadal pic.twitter.com/CAgxmnUJlH