Jabalpur News: रिपोर्ट वापस नहीं ली तो परिवार सहित जान से मार दूंगा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोराबाजार थानाक्षेत्र के बिलहरी में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि पहले तो उन लोगों ने दुकान संचालक पर हमला किया फिर दूसरे दिन पहुंचकर रिपोर्ट वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी भी दी। बदमाशों की इस धमकी के कारण दुकान संचालक और उनका पूरा परिवार दहशत में है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है। बिलहरी में रहने वाले आकाश गुप्ता ने बताया कि तीन दिन पूर्व वह और उसके पिता संतोष गुप्ता दुकान में बैठे थे।

उसी दौरान वहां अमोल पटेल अपने कुछ साथियों के साथ आया और उसने वहां से पानी की बोतल व मिठाई ली। इसके बाद अमोल बिना रुपए दिए वहां से जाने लगा। रुपए मांगने पर उसने आकाश और उसके पिता पर हमला कर दिया। जिससे दोनों को गंभीर चोटें आईं और पुलिस ने विक्टोरिया में उनका उपचार कराया। 

इसके बाद भी बदमाश नहीं रुके बीती रात वे फिर से संतोष की दुकान पर पहुंचे, जहां उन लोगों ने पिता-पुत्र को कट्टा दिखाकर रिपोर्ट वापस लेने कहा और फिर देखते ही देखते तोड़फोड़ करने लगे। हालांकि इसी दौरान पुलिस पहुंच गई और एक बदमाश को दबोच लिया। बताया जा रहा है कि जिस दुकान संचालक पर हमला हुआ है, उसकी दुकान के बगल में एक मिठाई की दुकान और है, बदमाश उसका ही रिश्तेदार बताया जा रहा है। ऐसे में यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि प्रतिस्पर्धा के कारण ही घटना को षडयंत्र पूर्वक अंजाम दिया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post