दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। खजरी-खिरिया बाइपास के पास सोमवार दोपहर एक निर्माणाधीन मकान में ब्लैक कोबरा सांप दिखने से मजदूरों के बीच अफरा-तफरी मच गई। घटना उस समय हुई जब मजदूर भोजन कर रहे थे। अचानक एक कोबरा उनके पास आकर बैठ गया, जिससे भयभीत मजदूर तुरंत इधर-उधर भागने लगे। कोबरा मजदूरों की आहट से पास रखे लकड़ी के गट्ठे में छिप गया।
मकान मालिक और ठेकेदार मौके पर पहुंचे और मजदूरों से बातचीत की। मजदूरों ने बताया कि सांप जोर-जोर से फुफकार रहा है। मालिक ने निरीक्षण किया तो देखा कि करीब पांच फीट लंबा कोबरा सेंटिंग की पटियों के बीच छिपा हुआ है। जब मालिक ने सांप को भगाने की कोशिश की तो वह और अधिक आक्रामक हो गया था।
स्थिति को देखते हुए मकान मालिक ने सर्प विशेषज्ञ गजेंद्र दुबे को बुलाया। दुबे ने बताया कि यह इंडियन स्पेक्टिकल कोबरा था, जिसमें घातक न्यूरोटॉक्सिन जहर पाया जाता है। सांप को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर उसे तिलवारा के जंगल में छोड़ दिया है।
Tags
jabalpur

