दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। नेशनल हाईवे के किसरोद टोल नाके के पास खड़ी एक प्रदूषण जांच वैन में नकाबपोश बदमाशों ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना के बाद वैन कुछ ही मिनटों में जलकर राख हो गई। सूचना मिलते ही दमकल वाहन ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। इस घटना के दौरान हाईवे पर जाम लग गया, जिसे पुलिस और टोल कर्मियों ने कुछ देर बाद बहाल किया।
शहपुरा पुलिस ने बताया कि प्रदूषण जांच करने वाली वैन (क्रमांक एमपी 20 बीए 6496) प्रतिदिन की तरह टोल नाके के पास खड़ी थी। वैन का कर्मचारी पास की चाय दुकान पर गया हुआ था। इसी बीच, बाइक पर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने वैन पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। घटना के बाद आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गए।
वैन सीएनजी से भरी हुई थी, जिससे आग तेजी से भड़क गई और पूरी गाड़ी जलकर खाक हो गई। कर्मचारी के मुताबिक, आगजनी से 4 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। नकाबपोश बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
