Jabalpur News: पारा 6 डिग्री पर आया, शहर बर्फीली हवाओं की गिरफ्त में

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जम्मू काश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में हो रही बर्फबारी का असर जबलपुर में महसूस किया जा रहा है। बर्फीली हवायें यहां कड़ाके की ठंड का अहसास करा रही हैं। तापमान में हर रोज गिरावट दर्ज हो रही है। आने वाले दिनों में तापमान और नीचे आने की संभावना है। बर्फीली हवाओं ने समूचे शहर को अपनी गिरफ्त में ले रखा है। मौसम विभाग के मुताबिक अभी मौसम के मिजाज कुछ ऐसे ही चलेंगे। बर्फबारी के बाद समूचे प्रदेश में जाड़े का असर बढ़ा है। जबलपुर सहित रीवा सागर, इंदौर ग्वालियर और भोपाल संभाग में शीतलहर चल रही है। शीतलहर के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। रात में सड़कें सूनी हो जाती हैं और सुबह अलसाई सी होती है। 

पिछले दो दिनों से शहर बर्फीली हवाओं की गिरफ्त में है, जैसे-जैसे रात गहराती है। ठण्ड की वजह से सड़कें जल्दी सूनी हो जाती हैं। मार्केट में व्यापारी प्रतिष्ठान बंद कर घरों को चले जाते हैं। ठंड की वजह से सुबह और शाम का व्यापार चल रहा है। शाम ढलने के बाद व्यापार भी ठप्प हो जाता है। शीतलहर की वजह से सुबह की पाली में स्कूल जाने वाले बच्चे भी प्रभावित हो रहे हैं। वहीं सुरक्षा संस्थानों में काम करने वालों को भी कड़ाके की ठंड का सामना करते हुये फैक्ट्री जाना पड़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 3 डिग्री कम दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 6.05 डिग्री पर रहा, जो सामान्य से 6 डिग्री कम रहा। हवा में नमी प्रातःकाल 74 प्रतिशत और सायंकाल 46 प्रतिशत आंकी गई। सूर्योदय सुबह 6.43 बजे और सूर्यास्त शाम 5.26 बजे हुआ। 

प्रदेश में सबसे कम 1.8 डिग्री तापमान पचमढ़ी में दर्ज किया गया। उत्तर पूर्वी हवायें 3 से 4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार  लीं। अगले २४ घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहने की संभावना के साथ शीतलहर चलने की संभावना व्यक्त की गई है। गत वर्ष आज के दिन अधिकतम तापमान 26.3 और न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री दर्ज किया गया था। 

Post a Comment

Previous Post Next Post