Jabalpur News: गांजा तस्करी में लिप्त दो गिरफ्तार, 5 किलो 842 ग्राम गांजा जब्त

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। क्राइम ब्रांच और थाना गढ़ा की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ गांजे के अवैध कारोबार में लिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 5 किलो 842 ग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त किए गए गांजे की कीमत लगभग 1.16 लाख रुपये आंकी गई है। थाना गढ़ा प्रभारी नीलेश दोहरे ने बताया कि गत दिवस मुखबिर से सूचना मिली थी कि शारदा मंदिर पानी की टंकी के पास दो व्यक्ति संदिग्ध स्थिति में खड़े हैं। उनमें से एक व्यक्ति नीले रंग की जैकेट और चश्मा पहने हाथ में कैरी बैग लिए था, जबकि दूसरा व्यक्ति काले और नीले रंग की पट्टीदार जैकेट में पीठ पर काले रंग का बैग टांगे हुए था। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच और थाना गढ़ा की टीम ने मौके पर दबिश दी। दोनों व्यक्तियों को मौके पर पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम सुरेश कुमार स्वामी (44), निवासी पदमपुर, महाराष्ट्र, और राजेंद्र बाथरे (50), निवासी बेदीनगर, गढ़ा, बताए। तलाशी के दौरान सुरेश कुमार के बैग से सफेद प्लास्टिक थैले में और राजेंद्र बाथरे के कैरी बैग से पारदर्शी पॉलिथीन में कुल 5.842 किलो गांजा बरामद हुआ। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 और 20 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि उक्त गांजा कहां से और कैसे प्राप्त किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post