दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। औरिया की नवीन मंडी में आज से मटर खरीदी का कार्य शुरू हो गया है। इस मौके पर किसानों और व्यापारियों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में पहले दिन करीब 70-80 किसानों ने मटर विक्रय किया। अनुविभागीय अधिकारी अभिषेक सिंह ने जानकारी दी कि मटर खरीदी का संचालन पूरी तरह से सुचारू है और किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हो रही है।
नवीन मंडी को बिजली, पानी और मजबूत फर्श जैसी आधारभूत सुविधाओं से लैस किया गया है। मंडी में आने-जाने के लिए दो रास्तों का निर्माण किया गया है, जिससे किसानों को आवागमन में सुविधा हो। मंडी के पास 125 एकड़ भूमि चिन्हित की गई है, जहां अगले एक साल में फल और सब्जी मंडी स्थापित करने की योजना है।
कुंवरपुर गांव से आए किसान रामेश्वर घुर्रक ने बताया कि नई मंडी की स्थापना से अब किसानों को शहर के भीतर ट्रैफिक जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा। इससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। उन्होंने प्रशासन के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि अब किसानों को सही समय पर उचित मूल्य मिल सकेगा।
अभिषेक सिंह ने बताया कि मंडी में जल्द ही शेड निर्माण का कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा। प्रशासन का यह कदम किसानों के लिए राहतभरा साबित हो रहा है, जिससे आने वाले समय में और अधिक किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है।