दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कलेक्टर दीपक सक्सेना ने जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी उपार्जन केंद्रों पर खरीद कार्य बिना किसी अवरोध के जारी है। पिछले 11 दिनों में 174 किसानों से 1861 मेट्रिक टन धान खरीदी गई है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 212 किसानों से 2590 मेट्रिक टन खरीदी हुई थी।
कलेक्टर ने बताया कि जिले में पंजीकृत 55,900 किसानों में से 7,300 किसानों ने अब तक स्लॉट बुकिंग की है। किसानों को बिना किसी भ्रम के स्लॉट बुकिंग कर उपार्जन केंद्रों पर जाकर धान विक्रय करने की सलाह दी गई है।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि वेयरहाउस एसोसिएशन द्वारा किराया भुगतान और सूखत से संबंधित मांगें किसानों से धान खरीदी प्रक्रिया से सीधे तौर पर जुड़ी नहीं हैं। किसानों को इन मुद्दों से भ्रमित नहीं होना चाहिए।
अगर किसी किसान को उपार्जन केंद्र पर कोई समस्या होती है, तो वह सीधे कलेक्टर को मोबाइल नंबर 9407083130 पर व्हाट्सएप के माध्यम से शिकायत कर सकता है।
कलेक्टर ने चेतावनी दी कि यदि किसी व्यक्ति या एजेंसी द्वारा धान क्रय प्रक्रिया में बाधा पहुंचाने या शासकीय कार्य में हस्तक्षेप किया गया, तो संबंधित के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
