Jabalpur News: आभूषण दुकानों पर चोरों ने बोला धावा, लाखों के माल पर किया हाथ साफ

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में देर रात चोरों ने दो ज्वेलरी शॉप्स को निशाना बनाया। चोर एक दुकान से लाखों के सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गए, जबकि दूसरी दुकान में केवल तोड़फोड़ कर सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

कैमरे में कैद हुई करतूत

घटना भेड़ाघाट चौराहे पर स्थित पायल ज्वेलर्स और दिव्या ज्वेलर्स की है। जानकारी के मुताबिक, रात करीब 3 बजे एक दुकानदार को फोन पर शटर खुला होने की सूचना मिली। जब दोनों दुकानदार मौके पर पहुंचे, तो पाया कि पायल ज्वेलर्स से करीब तीन किलो चांदी और 40 ग्राम सोना चोरी हो चुका था, जबकि दिव्या ज्वेलर्स में केवल सामान अस्त-व्यस्त किया गया था।

दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में करीब 8 से 10 चोरों की करतूत कैद हो गई। फुटेज में दिख रहा है कि चोर मास्क पहनकर और हथियारों के साथ दुकान में घुसे और चोरी को अंजाम दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज कर दी है।

पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और एफआईआर दर्ज कर ली है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे अन्य कैमरों की भी जांच कर रही है।

दुकानदारों में दहशत

घटना के बाद इलाके के अन्य दुकानदारों में दहशत का माहौल है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post