दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर से 35 किलोमीटर दूर बूढ़ी कोनी गांव में शुक्रवार रात कुर्सी पर बैठने को लेकर दो परिवारों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। तीन घायलों की हालत गंभीर है, जिन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
देर रात मोहन यादव अपने घर के बाहर कुर्सी पर बैठकर आग ताप रहे थे। इसी दौरान दीपक यादव वहां से गुजरते हुए पड़ोसी रमेश बर्मन को कुर्सी पर बैठे देखकर नाराज हो गया। उसने रमेश से कुर्सी से उठने को कहा, जिसका बर्मन परिवार ने विरोध किया। विवाद इतना बढ़ गया कि दीपक ने अपने चाचा और पिता को बुला लिया। ग्रामीणों ने पहली बार विवाद शांत कराया, लेकिन रात साढ़े 12 बजे दोनों परिवार फिर भिड़ गए।
मारपीट में घायल हुए कई लोग
रात को दीपक यादव और उसके परिवार ने लाठी-डंडों से रमेश बर्मन पर हमला किया। रमेश के परिवार ने भी जवाबी हमला किया। इस संघर्ष में मोहन यादव, दीपक यादव, कुंवर यादव और राजकुमार यादव सहित कई लोग घायल हो गए। दूसरी तरफ बर्मन परिवार की महिलाओं सहित कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पाटन थाना प्रभारी नवल आर्य मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दोनों परिवारों के खिलाफ मारपीट और हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

