दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर पर दिए गए बयान ने राजनीतिक पारा चढ़ा दिया है। कांग्रेस ने इसे अंबेडकर का अपमान बताते हुए विरोध प्रदर्शन किया। वहीं, बीजेपी ने शाह का बचाव करते हुए कांग्रेस पर राजनीतिक हो-हल्ला करने का आरोप लगाया।
विधानसभा में नारेबाजी और तीखी बहस
मध्यप्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन कांग्रेस विधायकों ने अमित शाह के बयान पर नारेबाजी की। जवाब में बीजेपी विधायकों ने राहुल गांधी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
पन्नालाल शाक्य ने शाह के बयान को सही ठहराया
गुना के बीजेपी विधायक पन्नालाल शाक्य ने मीडिया से कहा, "अमित शाह ने जो कहा, वो बिल्कुल सही कहा। अंबेडकर जी का सही सम्मान समझने के लिए उनके जीवन और शिक्षाओं को जानना जरूरी है। कांग्रेस इस विषय पर सिर्फ सरकार को अस्थिर करना चाहती है।"
कांग्रेस विधायक बरैया का पलटवार
कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया ने शाक्य के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "भारत में मूर्खों की कमी नहीं है। अंबेडकर के संविधान के कारण ही शाक्य विधानसभा में पहुंचे हैं, वरना उन्हें टॉयलेट साफ करने का काम भी नहीं मिलता। ऐसे लोग धरती पर बोझ हैं।"
'संविधान और अंबेडकर का अपमान बर्दाश्त नहीं'
कांग्रेस विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने कहा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि बीजेपी नेता संविधान को खत्म करने और अंबेडकर का अपमान करने में लगे हुए हैं। इनकी मनुवादी सोच देश को पीछे धकेलने का काम कर रही है।"
