Jabalpur News: लूट की योजना बनाते 3 आरोपी गिरफ्तार, कार पर लिखा था 'श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना'

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर पुलिस ने क्राइम ब्रांच की सहायता से घाट सिमरिया पुल के नीचे सफेद रंग की कार (MP20-CG4407) से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इन आरोपियों के पास से अवैध हथियार, चाकू, बेसबॉल बैट और जिंदा कारतूस बरामद किए गए। कार की नंबर प्लेट पर "श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना" लिखा हुआ था।

11 जनवरी की शाम गोसलपुर थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक सफेद कार में बैठकर बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में आदित्य सिंह राजपूत, मनीष राजपूत और आदर्श त्रिपाठी शामिल हैं। तीनों ग्राम आलगोड़ा के निवासी हैं। पूछताछ में आदित्य ने खुलासा किया कि उसने कार पर 'करणी सेना' लिखवाकर पुलिस और जनता को गुमराह करने की कोशिश की थी।

आदित्य ने हाल ही में खंडवा से 40,000 रुपए में पिस्टल खरीदी थी। वह हाईवे पर अपराध करने के बाद अपने गांव में छिप जाता था। आरोपियों ने एक गैंग बना रखा था और अन्य युवाओं को भी शामिल करने की योजना बना रहे थे।

एएसपी प्रदीप शेंडे ने बताया कि जबलपुर एसपी संपत उपाध्याय के निर्देश पर अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इस ही अभियान के तहत अवैध हथियार रखने वाले 30 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। जबलपुर पुलिस अवैध हथियारों की आपूर्ति की जांच के लिए खंडवा और बुरहानपुर में टीम भेजेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post