गौर पुलिस चौकी और विजयनगर थाना क्षेत्रों में 2 रेस्टोरेंट में तेज आवाज डीजे के शोर पर कार्रवाई
दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। नए साल के जश्न में पुलिस प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया था कि डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा| उसके बावजूद कुछ रेस्टोरेंट और बार में लगातार तेज आवाज में डीजे बजते रहे| जिन मामलों की शिकायत पहुंची वहां पुलिस ने सख्ती से कार्रवाई की| इस दौरान गौर इलाके में एक बार में और विजयनगर एक रेस्टोरेंट में तेज आवाज में डीजे बजने पर पुलिस ने एम्पलीफायर और डीजे जब्त करते हुए आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
गौर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक टेकचंद शर्मा ने ईएमएस को बताया कि 31 दिसंबर की रात द बार फ्लाई रेस्टोरेंट में तेज आवाज में डीजे बजाने की शिकायत पर दबिश दी गई, यहां तेज आवाज मे डीजे बजते मिला| पुलिस ने रेस्टोरेंट के मैनेजर रोनित लखवानी के खिलाफ प्रकरण दर्ज करते हुए गाना बजाने की मिक्सर मशीन एवं साउण्ड बाक्स जप्त किए।
थाना विजयनगर
इसी तरह विजयनगर थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार ने जीरों डिग्री रोड पर स्थित पाबलो रेस्टोरेंट में कार्यक्रम का विरोध करने के लिए हिन्दू परिषद संगठन के 20-25 कार्यकर्ता पहुंचे जहां उनके द्वारा कार्यक्रम का विरोध किया जा रहा था और नारे बाजी की जा रही थी सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्यकर्ताओं को शांत कराया और यहां तेज आवाज में अनुमति की शर्तों का उल्लंघन कर डीजे बजाए जाने पर रेस्टोरेंट मालिक सचिन ठाकुर के विरूद्ध धारा 188 भादवि तथा 3/15 म.प्र. कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई।
