दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। नगर अध्यक्ष पद को लेकर भाजपा संगठन और नेताओं के बीच सहमति नहीं बन पाने से स्थिति उलझती जा रही है। संभावनाएं हैं कि नगर अध्यक्ष पद को फिलहाल होल्ड पर रखा जा सकता है, जिससे वर्तमान नगर अध्यक्ष प्रभात साहू का कार्यकाल जारी रहेगा।
पिछले 15 दिनों से नगर अध्यक्ष के चयन और चुनाव की प्रक्रिया तेज थी। प्रदेश संगठन ने इस कार्य के लिए बंसीलाल गुर्जर को चुनाव प्रभारी बनाकर जबलपुर भेजा था। उन्होंने वन-टू-वन चर्चा कर रायशुमारी की, जिसमें नगर अध्यक्ष के लिए 35 नाम सामने आए। इनमें से शीर्ष 9 नाम शॉर्टलिस्ट कर भोपाल भेजे गए।
भोपाल में भी एकराय बनाने का प्रयास किया गया, लेकिन असफलता के बाद शीर्ष 3 नाम दिल्ली भेज दिए गए। दिल्ली ने यह मामला पुनः भोपाल को सौंप दिया, जहां राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री के नेतृत्व में आगे की चर्चा हुई।
सूत्रों के अनुसार, मध्य प्रदेश के 60 जिलों में से 11 जिलों में वर्तमान अध्यक्ष को रिपीट करने की संभावना है। जिन जिलों में सहमति बनी, वहां के अध्यक्ष तय कर दिए गए। हालांकि, बड़े महानगर जैसे भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, और उज्जैन में सहमति न बन पाने के कारण ये जिलों की नियुक्तियां होल्ड पर जा सकती हैं।महिलाओं की बड़ी संख्या में दावेदारी के कारण प्रत्येक जिले के पैनल में एक महिला का नाम जोड़ा गया है। वहीं, जबलपुर में विधायक अभिलाष पांडे और अशोक रोहाणी का नाम प्रमुखता से उभरने के बाद स्थिति और उलझ गई है।
निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष चाहते हैं कि बड़े जिलों में उनके करीबी व्यक्ति नियुक्त हों, जबकि आने वाले नए प्रदेश अध्यक्ष अपनी टीम बनाना चाहेंगे। इस खींचतान के चलते जबलपुर सहित कई जिलों की नियुक्तियां अटक गई हैं। अब यह देखना होगा कि संगठन कब और कैसे इन नियुक्तियों पर अंतिम निर्णय लेता है।