Jabalpur News: लाखों के जेवर और नकदी लेकर सुनार फरार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। हनुमानताल थाना अंतर्गत चारखंबा क्षेत्र में एक सुनार द्वारा अपने ग्राहकों के लाखों रुपये के जेवर और नकदी लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। आरोपी सुनार हाजी बबलू सोनी, पिता हाजी मुनीर सोनी, ने अपने मकान और दुकान बेचने के बाद फरार होने की योजना पहले ही बना ली थी। इस घटना ने क्षेत्र के कई लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचाया है।

पीड़ित मोहम्मद शफीक, निवासी छोटी मदार टेकरी दारुल उलूम के पास, ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी ने हाजी बबलू सोनी को 1.5 तोले सोने के झाले, 12 ग्राम सोने का हार वजन बढ़ाने के लिए और 3 ग्राम सोने की अंगूठी सफाई के लिए दी थी। इसके अलावा, उन्होंने बबलू से 54,200 रुपये की कीमत के दो सोने की मनचली और 9,800 रुपये की एक जोड़ी चांदी की पायल भी खरीदी थी।

बबलू ने सभी जेवर 23 दिसंबर तक बनाकर देने का वादा किया था। साथ ही, शफीक ने उसे 35,000 रुपये अग्रिम भुगतान भी कर दिया था।

23 दिसंबर को जब शफीक की पत्नी जेवर लेने के लिए बबलू की दुकान पहुंची, तो वह बंद मिली। 26 दिसंबर को दोबारा दुकान जाने पर आसपास के लोगों ने बताया कि बबलू अपना मकान और दुकान बेचकर फरार हो गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बबलू सोनी ने न केवल शफीक, बल्कि दो दर्जन से ज्यादा ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी की है। उसने भारी मात्रा में नकदी और जेवरात लेकर सबको चकमा दिया और फरार हो गया।

हनुमानताल थाना पुलिस ने मोहम्मद शफीक की शिकायत पर आरोपी हाजी बबलू सोनी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि बबलू की फरारी पहले से ही सुनियोजित थी। वह अपनी दुकान और मकान बेचकर योजनाबद्ध तरीके से भागा है। आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वही  घटना के बाद चारखंबा क्षेत्र के लोग आक्रोशित हैं। पीड़ितों का कहना है कि बबलू ने उनके विश्वास का दुरुपयोग कर उन्हें भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post