दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। उत्तर-मध्य विधानसभा के राजेन्द्र प्रसाद वार्ड के मंजूतेली पथ में पिछले कुछ दिनों से बिजली के खंबे झुक गए थे, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल था। ये खंभे अब गिरने के कगार पर थे, और क्षेत्रवासियों को चिंता थी कि यदि खंभे गिरते हैं, तो बड़ा हादसा हो सकता है। इन झुके हुए खंबों को लेकर मंजू पथ के लोगों ने कई बार विद्युत मंडल के अधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक खंबा किसी वाहन की टक्कर से या तारों के भारी जाल के कारण झुक गया था, वहीं दूसरा खंबा ओ बी/10/A पहले से जंग लगने के कारण कमजोर हो चुका था। इन दोनों खंभों के आसपास रहने वाले लोग दहशत में थे, और खंभों के नीचे से आने-जाने में भी डर महसूस कर रहे थे।
पार्षद की पहल से शुरू हुआ सुधार कार्य
मंजू तेली की गली में झुके हुए खंबों की खबर मिलने पर वार्ड पार्षद अदिति अतुल बाजपेयी मौके पर पहुंची। उन्होंने मौके पर जाकर विद्युत मंडल के अधिकारियों को खंबों की तस्वीरें भेजीं और तुरंत नए खंभे लगाने की मांग की। पार्षद की शिकायत के बाद भी आठ-दस दिनों तक कोई कार्रवाई नहीं की गई, तो शनिवार को उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि अगर जल्द ही काम शुरू नहीं किया गया, तो वे क्षेत्रीय नागरिकों के साथ विद्युत मंडल का घेराव करेंगी।
पार्षद की चेतावनी के बाद विद्युत मंडल के एसई ने अधीनस्थ अधिकारियों को आदेश देते हुए दोनों खंभों को तुरंत सुधारने और यदि सुधार संभव न हो तो उन्हें बदलने के आदेश दिए। इसके बाद आज विद्युत मंडल के कर्मचारियों ने खंभों का सुधार कार्य शुरू कर दिया है।