Jabalpur News: मंत्री राकेश सिंह के पीएसओ की ट्रेन से लोडेड पिस्टल चोरी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मध्य प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह के पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (पीएसओ) ओमकार सिंह की सरकारी लोडेड पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस ट्रेन से चोरी हो गई। यह घटना 30-31 दिसंबर की रात श्रीधाम एक्सप्रेस के ए2 कोच में हुई, जब ओमकार भोपाल से दिल्ली यात्रा कर रहे थे।

ओमकार सिंह रात 1 बजे सोने से पहले अपनी पिस्टल, घड़ी और पर्स सिरहाने रखकर सो गए। सुबह 8 बजे मथुरा स्टेशन पर बाथरूम जाने से पहले उन्होंने घड़ी पहन ली और पर्स जेब में रख लिया। पिस्टल और चार्जर बैग में ही छोड़ दिए। वापस आने पर उन्होंने देखा कि बैग गायब था। बैग में लोडेड पिस्टल के साथ मैगजीन में 10 जिंदा कारतूस भी थे।

ओमकार सिंह ने चोरी की शिकायत मथुरा जीआरपी में दर्ज कराई और घटना की जानकारी मंत्री राकेश सिंह और अन्य अधिकारियों को दी गई है। पीएसओ ओमकार सिंह, जो पूर्व में पुलिस आरक्षक रह चुके हैं और उत्तर प्रदेश के फतेहपुर के निवासी हैं, ने बताया कि उनके केबिन में कोई अन्य यात्री नहीं था।

पिस्टल चोरी की घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों और अधिकारियों में चिंता बढ़ गई है। मथुरा जीआरपी मामले की जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post