दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। नए साल की दूसरी सुबह कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के साथ शुरू हुई। शहर में विजिबिलिटी एक किलोमीटर तक सीमित रही, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी का प्रभाव जबलपुर के मौसम पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने जनवरी में 22 दिनों तक शीतलहर की संभावना जताई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान जबलपुर का अधिकतम तापमान 20.08 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री कम है। हवा में सुबह 97% और शाम को 70% तक नमी दर्ज की गई। उत्तर-पूर्वी हवाओं की गति 2-3 किलोमीटर प्रति घंटे रही।
भोर की पहली पहर में घने कोहरे ने पूरे शहर को ढक दिया। दिन चढ़ने के साथ कोहरा छंटा, लेकिन आसमान में बादलों की लुकाछिपी जारी रही। ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी, जिससे लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहने, कोहरा छाने और शीतलहर जारी रहने की संभावना व्यक्त की है। नागरिकों को ठंड से बचने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
Tags
jabalpur