दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना बरगी क्षेत्र में एक व्यक्ति पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को गोलबाजार स्थित सुधा मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देवद्वार सालीवाड़ा निवासी मूलचंद बरकड़े (35) ने पुलिस को बताया कि दोपहर करीब 2:30 बजे वह अपने घर पर था। उसी समय उसकी भतीजी अंजो घर आई और बताया कि सोनिया के पिता पर उनके घर के पीछे सतीराम बरकड़े ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया है।
मूलचंद मौके पर पहुंचा, तो देखा कि सोनिया के पिता घूर सिंह अपने घर के पीछे खून से लथपथ बोरी पर बेहोश पड़े थे। उनकी गर्दन, सिर और मुंह पर गहरी चोटें थीं, और खून तेजी से बह रहा था।
मूलचंद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल घूर सिंह को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने आरोपी सतीराम बरकड़े के खिलाफ धारा 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
डॉक्टरों के अनुसार, गर्दन और सिर पर लगी गंभीर चोटों के चलते घूर सिंह की हालत नाजुक बनी हुई है। प्रारंभिक जांच में हमले का कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा है।
