दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर। गोराबाजार थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शहरवासियों को झकझोर कर रख दिया। आज़ाद चौक के पास पैदल जा रही दुर्गा रजक नामक महिला को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
यह घटना सुबह के समय की है जब आज़ाद चौक पर दुर्गा रजक सब्जी खरीद रही थीं। इसी दौरान गोराबाजार क्षेत्र में दो शराबियों द्वारा चलायी जा रही एक तेज रफ्तार कार ने वहां खड़े तीन-चार लोगों को टक्कर मार दी। इन घायलों में सब्जी विक्रेता भी शामिल हैं, जो इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए।
तेज रफ्तार कार से टकराने के कारण दुर्गा रजक की मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे की भयावहता इतनी अधिक थी कि मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए। हादसे की सूचना मिलने घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने दुर्गा रजक के शव का पंचनामा बनाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों शराबियों को हिरासत में ले लिया है और कार को जब्त कर लिया है।