दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कांग्रेस की कार्यकर्ता बैठक में पूर्व मंत्री तरुण भनोत ने पार्टी की विचारधारा और कार्यकर्ताओं की निष्ठा पर जोर देते हुए दल बदलने वालों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास त्याग, बलिदान और विचारों की मजबूती से भरा हुआ है।
भनोत ने कहा, "कांग्रेस निष्ठावान कार्यकर्ताओं का विशाल समुद्र है। इसमें कुछ लोग इधर-उधर हो भी जाएं तो इससे कांग्रेस के जलस्तर में कोई फर्क नहीं पड़ता।" उन्होंने केंद्र में कांग्रेस की सरकार की कार्यशैली को संविधान आधारित बताते हुए कहा कि कांग्रेस ही वह पार्टी है जो समाज के हर वर्ग के लिए योजनाएं बनाकर उन्हें जमीनी स्तर पर उतारने का काम करती है।
बैठक में संगठन के पुनर्गठन को लेकर भी चर्चा हुई। नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के निर्देशानुसार कांग्रेस को बूथ स्तर तक मज़बूत करने के लिए आवश्यक बदलाव किए जाएंगे।
बैठक में वरिष्ठ नेता अनूप सांगवान, आलोक गुप्ता, बीके तिवारी, महिला कांग्रेस की अनुभा शर्मा, बलविंद्र मान, पार्षद गुड्डू तमाशेतवर, लखन प्रजापति, अमर रजक, बलवंत सिंह गुर्जर, प्रमोद पटेल, डिक्की जान, सलिल चौकसे आदि मौजूद रहे।