दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना पनागर क्षेत्र के परियट में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां चारा उठा रहे एक 70 वर्षीय बुजुर्ग पर उनकी ही भैंस ने अचानक हमला कर दिया। घायल अवस्था में अस्पताल ले जाए जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक प्रकाश चंद्र तिवारी (70 वर्ष), परियट निवासी थे और बीती रात करीब 11 बजे अपने घर की डेयरी में भैंसों के लिए चारा रख रहे थे। इसी दौरान उनकी ही एक भैंस अचानक बेकाबू हो गई और उन पर हमला कर दिया। भैंस के हमले से बुजुर्ग तिवारी को गंभीर चोटें आईं।
परिजनों ने घटना के तुरंत बाद उन्हें शासकीय अस्पताल पनागर पहुंचाया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल प्रशासन की सूचना पर थाना पनागर पुलिस मौके पर पहुँची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी।