दैनिक सांध्य बन्धु गंजाम (ओडिशा)। फिल्मों जैसी एक सच्ची कहानी ओडिशा के गंजाम जिले में सामने आई है, जहां एक विचाराधीन कैदी ने जेल परिसर में ही उस महिला से शादी कर ली, जिसने उसके खिलाफ रेप का मामला दर्ज कराया था।
रविवार को कोडाला उप-जेल में 26 वर्षीय सूर्यकांत बेहरा ने 22 वर्षीय पीड़िता से पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के साथ शादी की। इस मौके पर दोनों परिवारों के सदस्य, जेल अधिकारी और कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
प्यार का अंजाम बना जेल में विवाह
सूर्यकांत बेहरा, जो पोलासरा थाना क्षेत्र के गोछाबाड़ी गांव का रहने वाला है, पिछले साल नवंबर से जेल में बंद था। गिरफ्तारी से पहले वह गुजरात के सूरत में काम करता था और वहीं से दोनों के बीच प्रेम प्रसंग की शुरुआत हुई थी।
हालांकि, कुछ पारिवारिक गलतफहमियों के चलते पीड़िता ने बेहरा के खिलाफ रेप का आरोप लगाया था, जिसके बाद उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। लेकिन समय के साथ दोनों पक्षों में सुलह हो गई और शादी के लिए सहमति बन गई।
कानूनी औपचारिकताओं के बाद रचाई शादी
कोडाला उप-जेल के जेलर तारिणीसेन देहुरी ने बताया कि "परिवारों की सहमति और सभी कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद शादी की अनुमति दी गई।"
जेल प्रशासन ने विवाह के लिए विशेष तैयारियां की थीं। दूल्हा सजे-धजे इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) से विवाह स्थल तक पहुंचा। समारोह पूरी तरह पारंपरिक अंदाज में सम्पन्न हुआ।
दूल्हा लौटा जेल, दुल्हन गई अपने घर
विवाह के बाद दूल्हे सूर्यकांत बेहरा को फिर से जेल भेज दिया गया, जबकि नवविवाहिता दुल्हन अपने घर लौट गई। दूल्हे के पिता भास्कर बेहरा ने कहा, "हमें भरोसा है कि वह जल्द ही रिहा होगा और दोनों का दांपत्य जीवन खुशहाल रहेगा।"