Jabalpur News: डॉक्टर को रेप-POCSO में फंसाने की धमकी, 37 लाख की डिमांड ,खुद को पत्रकार बताकर कर रहा था ब्लैकमेल; 10 लाख लेते ही पुलिस ने दबोचा

आरोपी प्रवीण सिंह
दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने खुद को पत्रकार बताकर एक डॉक्टर को रेप और POCSO एक्ट में फंसाने की धमकी दी और 37 लाख रुपए की मांग कर डाली। डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी समेत उसके दो साथियों को रुपए लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता डॉ. अमित खरे ने बताया कि 27 फरवरी को उनके मोबाइल पर एक व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम प्रवीण सिंह बताया और कहा कि वह उनके एक परिचित को जानता है। इसके बाद आरोपी लगातार संपर्क में रहा और कुछ दिनों बाद डॉक्टर को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

रेप केस की धमकी देकर मांगे 37 लाख रुपए

आरोपी प्रवीण सिंह ने डॉक्टर को बताया कि एक लड़की उनके खिलाफ रेप और पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी कर रही है। उसने दावा किया कि वह इस मामले को रुकवा सकता है, लेकिन इसके बदले 37 लाख रुपए देने होंगे।

बाद में बातचीत के दौरान आरोपी ने रकम घटाकर पहले 25 लाख और फिर 10 लाख रुपए तक कर दी।

कछपुरा ब्रिज पर तय हुई डील, पुलिस ने बिछाया जाल

डॉ. अमित खरे ने घबराने के बजाय सूझबूझ दिखाई और पूरे मामले की जानकारी संजीवनी नगर थाना पुलिस और एसपी संपत उपाध्याय को दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए योजना बनाई।

मंगलवार रात करीब 9 बजे कछपुरा ब्रिज के पास डॉक्टर रुपए से भरा बैग लेकर पहुंचे। जैसे ही उन्होंने बैग आरोपी को सौंपा, पहले से मौजूद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर प्रवीण सिंह और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मौके पर स्कॉर्पियो कार से पहुंचे थे।

स्कॉर्पियो से मिली माइक आईडी और शराब

पुलिस जांच में आरोपियों की स्कॉर्पियो से एक न्यूज चैनल की माइक आईडी और शराब की बोतल बरामद हुई है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी खुद को पत्रकार बताते हुए पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश भी करता रहा।

शिकायतकर्ता डॉ. अमित खरे
शहर से बाहर की गैंग से जुड़े होने का दावा


प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शहर के बाहर सक्रिय एक गैंग के कहने पर यह काम कर रहा था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और उस लड़की की भी तलाश कर रही है जिसका नाम लेकर डॉक्टर को डराया जा रहा था।

इन धाराओं में मामला दर्ज

संजीवनी नगर थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 308(1), 308(6) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post