दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र के हाउबाग रेलवे स्टेशन रोड स्थित मैगी प्वाइंट पर विवाद के दौरान दो युवकों पर चाकू जैसी वस्तु से हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया। पुलिस के अनुसार हारिश अहमद (22) निवासी नाजिम होटल के पास ठक्कर ग्राम हनुमानताल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि बीती रात करीब 9 बजे उसकी दोस्त ने मोबाइल पर कॉल कर बताया कि हाउबाग रेलवे स्टेशन रोड स्थित मैगी प्वाइंट पर शुभम गुप्ता उसके साथ मारपीट कर रहा है। सूचना मिलने पर हारिश अहमद अपने दोस्त सैयद रोहबान के साथ स्विफ्ट डिजायर कार (एमपी 20 जेडएन 9877) से मौके पर पहुंचा और शुभम गुप्ता को मारपीट करने से मना किया।
इसी बात पर आरोपी गाली-गलौज करने लगा और मारपीट करते हुए सिगरेट पीने के लिए पैसे मांगने लगा। जब दोनों युवकों ने पैसे देने से मना किया तो आरोपी ने चाकू जैसी वस्तु से हमला कर दिया। हमले में हारिश अहमद के दाहिने कंधे के पीछे चोट आई, जबकि उसके साथी सैयद रोहबान के दोनों हाथों की भुजाओं में चोट लगी। घायल रोहबान का इलाज विधान अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296(बी), 115(2), 118(1), 119(1) और 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
