दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के सबसे पुराने चर्च में महिला दिवस के मौके पर हुए हंगामे के मामले में ओमती पुलिस ने क्राइस्ट चर्च बॉयज स्कूल के निष्कासित प्राचार्य लैडिली मैथ्यू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। चर्च पदाधिकारियों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, चर्च पदाधिकारी ब्रसली तंगादुरई ने 8 मार्च को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि गर्ल्स स्कूल परिसर स्थित चर्च में रविवार को आराधना कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान क्राइस्ट चर्च बॉयज स्कूल के निष्कासित प्राचार्य लैडिली मैथ्यू चर्च में पहुंचे और अचानक माइक छीनकर बेवजह की बातें करने लगे।
आराधना में डाला व्यवधान, कार्यक्रम नहीं हो सका
बताया गया कि आरोपी ने प्रार्थना सभा में व्यवधान डालते हुए जमकर हंगामा किया। उस दिन महिला दिवस होने के कारण चर्च में महिलाओं के सम्मान का कार्यक्रम भी रखा गया था, लेकिन हंगामे के कारण वह कार्यक्रम आयोजित नहीं हो सका।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि लैडिली मैथ्यू ने वहां मौजूद महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया।
रोकने पर हुई झूमाझपटी
जब चर्च में मौजूद लोगों और आयोजनकर्ताओं ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने ब्रसली तंगादुरई और फिलिप पमर के साथ झूमाझपटी भी की।
ओमती थाना पुलिस ने इस मामले में नवीन कक्क, नितिन बाघ, फिलिप पमर, एलएम सांठे, जैनी परिहार, अल्फ्रेड पेट्रिक और ब्रसली तंगादुरई सहित अन्य लोगों के बयान दर्ज किए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags
jabalpur
