Jabalpur News: रानीताल भाजपा कार्यालय के पास लावारिस महिला का शव मिलने से हड़कंप

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रानीताल स्थित भाजपा कार्यालय के पास एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि रानी लाल स्टेडियम जाने वाली सड़क के किनारे यह शव पड़ा मिला। महिला की उम्र लगभग 30 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार सुबह स्टेडियम की ओर मॉर्निंग वॉक पर जाते समय क्षेत्रीय पार्षद संतोष दुबे की नजर सड़क किनारे पड़े शव पर पड़ी। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शव काफी देर से वहां पड़ा हुआ था और आसपास घूम रहे सूअर उसे नोच रहे थे, जिससे दृश्य बेहद भयावह हो गया था।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post